भोपाल टीम ने अच्छी धान को किया रिजेक्ट: खमतरा धान खरीदी केंद्र पर किसानों में आक्रोश

कटनी/बोहरीबंद।
बोहरीबंद विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खमतरा स्थित धान खरीदी केंद्र पर धान रिजेक्शन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। किसानों का आरोप है कि उनकी धान बिल्कुल साफ-सुथरी होने के बावजूद भोपाल से आई टीम द्वारा रिजेक्ट कर दी गई, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है।
धान खरीदी केंद्र प्रभारी अर्जुन सिंह पटेल ने बताया कि यहां पर तहसीलदार महोदय द्वारा निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान धान की जांच भी की गई और उन्होंने भी यह माना कि केंद्र पर लाई गई धान गुणवत्ता के अनुरूप और अच्छी है। इसके बावजूद बहोरीबंद ओपन कैंप में भोपाल टीम द्वारा भेजी गई धान को रिजेक्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ओपन कैंप बहोरीबंद में भोपाल टीम ने लगभग 340 क्विंटल (850 बोरी) धान को रिजेक्ट कर दिया। इससे किसान तो परेशान हैं ही, साथ ही केंद्र प्रबंधन भी असमंजस में है। किसानों का कहना है कि वे अपनी धान को साफ-सुथरा कर केंद्र पर लाए थे, बाद में केंद्र प्रभारी द्वारा धान को बहोरीबंद ओपन कैंप भेजा गया, लेकिन वहां से माल रिजेक्ट कर दिया गया।
किसानों का आरोप है कि बार-बार धान रिजेक्ट होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। न तो उन्हें समय पर भुगतान मिल रहा है और न ही कोई स्पष्ट कारण बताया जा रहा है कि आखिर साफ धान को किस आधार पर रिजेक्ट किया जा रहा है।
ग्रामीणों और किसानों ने मांग की है कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए, भोपाल टीम द्वारा किए गए रिजेक्शन का स्पष्ट कारण सार्वजनिक करे और किसानों को तत्काल राहत दिलाए, ताकि उनकी मेहनत की फसल बेकार न जाए।
अब नजरें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस गंभीर मुद्दे पर क्या कार्रवाई करता है।












Users Today : 8