बरही क्षेत्र में निजी हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बड़ा हादसा टलास्कूल मैदान में सुरक्षित उतारा गया विमान, तकनीकी खराबी की जांच शुरू

रिपोर्टर : हेमंत सिंह
कटनी। शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे बरही थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया-सिहोरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निजी हेलीकॉप्टर अचानक नीचे उतरने लगा। कुछ ही क्षणों बाद हेलीकॉप्टर शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के मैदान में सुरक्षित रूप से उतरा, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
लैंडिंग के बाद पायलट बाहर आया और ग्रामीणों को जानकारी दी कि वह बनारस से जबलपुर जा रहा था। उड़ान के दौरान अचानक इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। पायलट की समझदारी और त्वरित निर्णय क्षमता के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इंजन में वाइब्रेशन और पावर लॉस
सूत्रों के अनुसार हेलीकॉप्टर बैंगलोर स्थित संजय घोणावत समूह के स्वामित्व वाला है, जो जबलपुर व गोंदिया क्षेत्र में विमानन सेवाएँ संचालित करता है और वीआईपी टूर में उपयोग होता है। उड़ान के दौरान इंजन में अचानक तेज वाइब्रेशन और पावर लॉस की दिक्कत आने लगी। स्थिति को गंभीर समझते हुए पायलट सिमरन सिंह (निवासी पटियाला) ने तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति ली।
इसके बाद पायलट ने आस-पास का क्षेत्र स्कैन किया और सलैया-सिहोरा स्कूल मैदान को सुरक्षित स्थान पाते हुए लैंडिंग की प्रक्रिया पूरी की। हेलीकॉप्टर में उस समय पायलट अकेला था, जिससे संभावित नुकसान टल गया।
दिल्ली से पहुंचे इंजीनियर, जांच जारी
घटना के बाद दिल्ली से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और इंजन में आई खराबी की प्रकृति की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में खराबी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतने करीब हेलीकॉप्टर उतरता देख वे घबरा गए थे, लेकिन पायलट ने अत्यंत शांति और कुशलता से लैंडिंग कर सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की।
कटनी शहर व ग्रामीण क्षेत्र की हर छोटी बड़ी खबरों के लिये हमारे साथ बने रहे संवाददाता हेमंत सिंह – 9425829327














Users Today : 1