नगर निगम में भ्रष्टाचार, महिला कॉलेज की सुरक्षा समस्या एवं अव्यवस्थित सीवर लाइन कार्य को लेकर “आप” पार्टी ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्टर : हेमंत सिंह
कटनी।कटनी शहर की जनता आज भी उन मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जो किसी भी नागरिक का बुनियादी अधिकार हैं। जनता ने अपने खून-पसीने की कमाई से घर बनाए, टैक्स दिया, बिल चुकाए, लेकिन बदले में उन्हें मिली टूटी सड़कों, गंदी नालियों और अव्यवस्थित व्यवस्था की सौगात।
आम आदमी पार्टी ने नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, महिला कॉलेज की सुरक्षा समस्या, सीवर लाइन प्रोजेक्ट की अव्यवस्था, वैध कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन, भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
1️⃣ वैध कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
कटनी नगर की अधिकांश वैध कॉलोनियाँ आज भी सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी सुविधाओं से वंचित हैं।
शिवजी नगर, बल्लभ नगर, बालाजी नगर, रचना नगर, कुशवाह नगर, अहमद नगर, राम नगर सहित कई क्षेत्रों के नागरिक वर्षों से नगर निगम व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रहे हैं, पर अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
माँग: सभी वैध कॉलोनियों में शीघ्र सड़क, नाली, पानी एवं बिजली की व्यवस्था की जाए।
2️⃣ बिजली विभाग की लापरवाही
इन कॉलोनियों में नागरिक आज भी टेम्परेरी (J.B.) कनेक्शन के सहारे बिजली उपयोग करने को मजबूर हैं। बिजली विभाग वर्षों से परमानेंट कनेक्शन देने में टालमटोल कर रहा है। इससे जनता परेशान है और भ्रष्टाचार की शिकायतें बढ़ रही हैं।
माँग: सभी वैध कॉलोनियों को शीघ्र स्थायी बिजली कनेक्शन दिए जाएँ तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
3️⃣ महिला कॉलेज की असुरक्षित स्थिति
कटनी का महिला कॉलेज शहर से दूर एकांत क्षेत्र में स्थित है। वहाँ तक न पक्की सड़क है, न स्ट्रीट लाइटें, न सुरक्षा व्यवस्था। रोजाना बेटियाँ असुरक्षित माहौल में कॉलेज आने-जाने को मजबूर हैं।
माँग: कॉलेज तक पक्का मार्ग, स्ट्रीट लाइट एवं पुलिस गश्त की व्यवस्था शीघ्र की जाए।
4️⃣ सीवर प्रोजेक्ट की अव्यवस्था
कटनी का सीवर प्रोजेक्ट जनता के लिए राहत नहीं, बल्कि मुसीबत बन गया है। गलियाँ खुदी पड़ी हैं, सड़कों की मरम्मत नहीं हुई और सीवर का गंदा पानी घरों के सामने भर रहा है। टेंडर अवधि समाप्त होने के बावजूद ठेकेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
माँग: सीवर प्रोजेक्ट की उच्च स्तरीय जाँच कर दोषी ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
5️⃣ नगर निगम में भ्रष्टाचार और पक्षपात
नगर निगम के ईमानदार कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला, जबकि सत्ता से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना काम के वेतन दिया जा रहा है। यह जनता के साथ विश्वासघात है।
माँग: लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए और भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जाँच कराई जाए।
6️⃣ महापौर द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि वर्तमान महापौर ने अपने प्रभाव का उपयोग कर करोड़ों की शासकीय भूमि पर कब्जा किया है। जहाँ गरीबों के मकानों पर बुलडोजर चलता है, वहीं सत्ता से जुड़े लोगों के अवैध कब्जों पर प्रशासन मौन है।
माँग: महापौर से जुड़ी शासकीय भूमि को मुक्त कराया जाए एवं दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
7️⃣ मेडिकल कॉलेज का मुद्दा
कटनी को शासकीय मेडिकल कॉलेज देने की घोषणा जनता से किया गया वादा था। अब इसे PPP मॉडल में देने का निर्णय जनता के साथ छल है।
माँग: कटनी में पूर्णतः शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाए।
आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष प्रकाश जैन ने कहा,
> “कटनी की जनता अब और प्रतीक्षा नहीं कर सकती। शासन-प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे और शहर की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।”














Users Today : 1